आईसीएफएआई विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह, राज्यपाल ने मेधावियों को दिए स्वर्ण पदक
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सोलन जिले के बद्दी स्थित आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। उन्होंने 402 स्नातक विद्यार्थियों के साथ पदक विजेताओं, उनके अभिभावकों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए युवाओं से रोजगार तलाशने के बजाय अवसरों और समस्याओं के समाधान का सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया।

सोलन/बद्दी
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा का समापन नहीं, बल्कि जीवन के नए चरण की शुरुआत है। उन्होंने स्नातकों से ईमानदारी, अनुशासन, ज्ञान, चरित्र और आचरण को अपने जीवन की नींव बनाने तथा समाज के प्रति योगदान के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित करने को कहा। उन्होंने विकसित भारत-2047 के विजन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
नवाचार और नैतिक मूल्यों पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का केंद्र ज्ञान, कौशल, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और चरित्र निर्माण होना चाहिए। एआई, डिजिटल प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक नवाचार में तेजी से हो रही प्रगति रोजगार और कार्य की प्रकृति बदल रही है। ऐसे में तकनीकी कौशल के साथ गंभीर चिंतन, रचनात्मकता, सहानुभूति, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों का महत्व भी बना रहेगा। उन्होंने विश्वविद्यालयों से युवाओं को अवसरों और समाधानों के सृजन के लिए तैयार करने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज के कल्याण और राष्ट्र की प्रगति के लिए करने को कहा। राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, नशामुक्त समाज और सामाजिक समरसता में योगदान देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि आईसीएफएआई विश्वविद्यालय ज्ञान आधारित और विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में निरंतर योगदान देता रहेगा तथा यहां के स्नातकों की उपलब्धियां हिमाचल प्रदेश और देश की प्रगति में सहायक बनेंगी।
परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा
दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. बी.एन. राज ने उनका स्वागत किया और स्नातकों को डिग्री प्रमाणपत्र तथा रजत पदक प्रदान किए। कुलपति प्रो. केशव शर्मा ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में विधायक राम कुमार चौधरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।