घर बैठे आईआईएम की पढ़ाई का मौका, सिरमौर ने शुरू किया ऑनलाइन बीएमएस कार्यक्रम
आईआईएम सिरमौर ने वर्चुअल लर्निंग मोड के तहत चार वर्षीय बीएमएस कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लाइव ऑनलाइन कक्षाओं, कैंपस अनुभव और उद्योग आधारित शिक्षण का अवसर मिलेगा। नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार यह कोर्स विद्यार्थियों को घर बैठे आईआईएम स्तर की पढ़ाई उपलब्ध कराएगा।
नाहन
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) सिरमौर ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए वर्चुअल लर्निंग मोड के तहत चार वर्षीय बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (बीएमएस) कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किया गया यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को घर बैठे आईआईएम स्तर की पढ़ाई का अवसर प्रदान करेगा।संस्थान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम पूरी तरह लाइव ऑनलाइन मोड में संचालित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत लाइव फैकल्टी इंटरैक्शन, कैंपस इमर्शन और उद्योग आधारित शिक्षण अनुभव मिलेगा। इसके साथ कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को आईआईएम एलुमनाई स्टेट्स भी प्रदान किया जाएगा।
बीएमएस पाठ्यक्रम को आधुनिक उद्योग और बदलते कारोबारी वातावरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, इकोनॉमिक्स, ऑपरेशंस, स्ट्रेटेजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उद्यमिता जैसे विषय शामिल किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और समकालीन प्रबंधन शिक्षा मिल सके।संस्थान के अनुसार अभ्यर्थी एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम अभिरुचि परीक्षा, आईआईएम बैंगलोर डीबीई प्रवेश परीक्षा, आईआईएम कोझिकोड बीएमएस अभिरुचि परीक्षा, जेईई मेन अथवा सीयूईटी (स्नातक) के वैध स्कोर के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
संस्थान ने बताया कि अंतिम मेरिट सूची प्रवेश परीक्षा के अंकों के साथ दसवीं और बारहवीं के शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी। विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।