मंडी में ऊहल नदी में डूबने से आईआईटी छात्र की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
Himachalnow / मंडी
मंडी जिले में आईआईटी के एक छात्र की ऊहल नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर उस समय हुआ जब छात्र अपने दोस्तों के साथ नदी में गया हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पानी की गहराई का सही अनुमान न लग पाने और पैर फिसलने के कारण छात्र नदी में डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मंडी
दोस्तों के साथ ऊहल नदी गया था छात्र
मंडी आईआईटी के एक छात्र की ऊहल नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान 21 वर्षीय विपिन कुमार निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने आठ दोस्तों के साथ ऊहल नदी में गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी छात्र नदी में नहाने के लिए उतरे थे।
नदी में पैर फिसलने के बाद डूबा छात्र
पुलिस के अनुसार नदी का पानी एक स्थान पर ठहरा हुआ था। इसी दौरान विपिन कुमार गहराई का सही अनुमान नहीं लगा पाया और पानी के भीतर रेत पर पैर फिसलने से डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था छात्र
जानकारी के अनुसार मृतक छात्र ने एक दिन पहले ही अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कमांद पुलिस चौकी प्रभारी गजेंद्र पाल ने पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। वहीं मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पधर थाना प्रभारी अनिल कटोच ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार के अनुसार पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।