Loading...

अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस, विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर कार्रवाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। पुलिस के अनुसार, अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक इमरान खान ने भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इसी आधार पर उनके खिलाफ प्रवासन अधिनियम की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।

मुंबई

यह मामला 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की मांग के समर्थन में आयोजित किया गया था। इमरान खान भी इसमें शामिल हुए थे। पुलिस ने उस दौरान इमरान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था और उसी शाम उन्हें रिहा कर दिया गया था। बाद में सामने आया कि इमरान भारतीय नहीं, बल्कि अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड है।

भाजपा नेता ने कार्रवाई की मांग की थी

पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर इमरान खान के खिलाफ जांच और उचित कार्रवाई की मांग की थी। मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा को भेजे पत्र में सोमैया ने दावा किया था कि इमरान एक विदेशी नागरिक हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अभिनेता को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की कानूनी अनुमति मिली थी। सोमैया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी इमरान खान को देश से बाहर भेजने की मांग की थी।

इमरान खान ने संगठन से जुड़ाव से किया था इनकार

हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान खान ने कहा था कि उनकी कोई मांग नहीं है और वह किसी संगठन का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि वह शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के रूप में वहां पहुंचे थे और लोगों की आवाजाही व असहमति जताने के अधिकार पर लगाई जा रही पाबंदियों को समझना चाहते थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह किसी संगठन का हिस्सा नहीं हैं और किसी प्रतिनिधि के तौर पर अपनी बात नहीं रख रहे हैं।

इमरान खान की पार्टनर और अभिनेत्री लेखा वाशिंगटन ने आरोप लगाया था कि हिरासत की कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें और अभिनेत्री जैन मैरी खान को पकड़ लिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान ने पुलिस वैन के भीतर से एक सेल्फी भी सोशल मीडिया पर साझा की थी। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था, “लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।”

Related Topics: •