Loading...

हादसा / भारतीय पर्यटकों से भरी नाव वियतनाम में पलटी, 15 लोगों की मौत, दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Jul 2026 • 1 Min Read

हादसा / वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और राहत एवं बचाव कार्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

वियतनाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा फु क्वोक के पास उस समय हुआ, जब ओशन पियर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट पर्यटकों को होन थॉम रूट से एन थोई पोर्ट की ओर लेकर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे नाव अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी 36 लोग समुद्र में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाएं मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। बाद में नौसेना, कोस्ट गार्ड, बॉर्डर गार्ड और अन्य एजेंसियां भी बचाव अभियान में शामिल हो गईं।

21 लोगों को बचाया गया, 15 की मौत की पुष्टि

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हादसे में स्पीडबोट पर सवार सभी 36 लोगों को बाहर निकाल लिया गया। इनमें 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। बचाव दल ने बताया कि कई लोग नाव के भीतर फंस गए थे, जिससे राहत अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और हनोई में अलग-अलग कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414, जबकि हनोई कंट्रोल रूम के लिए +84 91 308 9165 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

Related Topics: