Ship Fire / इंडोनेशिया में समुद्र के बीच यात्री जहाज में लगी भीषण आग, पांच लोगों की मौत; 41 लापता
Ship Fire / इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के निकट समुद्र में एक यात्री जहाज में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जहाज में कुल 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से अब तक 225 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
इंडोनेशिया
जानकारी के अनुसार यह यात्री जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान मदुरा द्वीप के समीप जहाज में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू एजेंसियों ने कई जहाजों को मौके पर रवाना किया और समुद्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

लापता यात्रियों की तलाश जारी
रेस्क्यू एजेंसियां आसपास के समुद्री क्षेत्र में लगातार खोज अभियान चला रही हैं। बचाए गए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि लापता लोगों का पता लगाने के लिए अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इंडोनेशिया में समुद्री जहाजों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। जुलाई 2025 में नॉर्थ सुलावेसी प्रांत के पास एक यात्री जहाज में आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं वर्ष 2021 में मोलुक्का सागर में एक अन्य जहाज में आग लगने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को समुद्र में कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी थी।