Loading...

नाहन में अब मनमर्जी से नहीं खड़े होंगे वाहन! शहर के इन इलाकों में घोषित हुए नो पार्किंग जोन, कई मार्गों पर वन-वे और वाहनों की एंट्री पर भी पाबंदी

Shailesh Saini • 13 Nov 2026 • 1 Min Read

देर आए, दुरुस्त आए! दमघोंटू ट्रैफिक और ऐतिहासिक धरोहरों के आसपास अवैध पार्किंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, जिला दंडाधिकारी ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

नाहन

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था, सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों और ऐतिहासिक शहर की संकरी गलियों में पैदा हो रही अव्यवस्था के बीच आखिरकार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शहर को जाम से निजात दिलाने, यातायात को व्यवस्थित करने और ऐतिहासिक स्मारकों एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों के आसपास पार्किंग की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा के आदेशों के बाद नाहन के कई प्रमुख सड़क मार्गों और संवेदनशील स्थानों को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। वहीं, कुछ मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने के साथ निर्धारित समय के दौरान निजी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रशासन का यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नाहन की ऐतिहासिक पहचान, संकरी सड़कें और लगातार बढ़ते वाहनों का दबाव लंबे समय से यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास बेतरतीब पार्किंग के कारण न केवल आम लोगों को परेशानी होती है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

इन प्रमुख स्थानों पर नहीं होगी पार्किंग

जारी आदेशों के अनुसार शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास पीपल के पेड़ से डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग चौक तक पुराने डिग्री कॉलेज मार्ग, दिल्ली गेट के सामने सड़क के दोनों तरफ, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पार्क के आसपास, वाल्मीकि चौक और उससे लगते क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है।

इसके अलावा फाउंड्री क्वार्टर के पास नगर परिषद की सड़क, नाहन फाउंड्री के समीप आवास सत्र न्यायाधीश से नया बाजार तक का क्षेत्र, गोविंदगढ़ और उससे लगती एमसी आवासीय कॉलोनी, हिल व्यू कॉलोनी तथा कुम्हार गली में गौरा भवन से एसडीएम आवास प्रताप भवन तक पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

हॉट बाइट शॉप से आरपी-1 पोस्ट तक का सड़क मार्ग, कैंट चौक की शुरुआत में बिजली ट्रांसफार्मर के पास और सामने की दुकानों वाले क्षेत्र को भी नो पार्किंग जोन बनाया गया है। इस स्थान से हॉट बाइट शॉप तक नगर परिषद को सफेद लाइन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

शहीद स्मारक, वहां के समीप शराब की दुकान से एसएफडीए हॉल होते हुए नगर परिषद की ओर से चिन्हित येलो लाइन को छोड़कर शेष क्षेत्र में पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। एसपी कार्यालय के पीछे से एचआरटीसी वर्कशॉप चौक तक का क्षेत्र भी नो पार्किंग जोन में शामिल किया गया है।

गुन्नूघाट की ओर से आने वाली स्कूल बसों को यशवंत चौक से मोड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। एसपी आवास से रानीताल छोटा गेट होते हुए गौरा भवन तक का मार्ग नो पार्किंग जोन रहेगा। हालांकि यहां निर्धारित येलो लाइन वाले हिस्से को लोडिंग और अनलोडिंग के लिए चिन्हित किया गया है।

आरटीओ चार्जिंग स्टेशन से आरपी-3 पोस्ट तक के सड़क खंड पर भी पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इस क्षेत्र में पहले विशिष्ट वाहनों को दी गई पार्किंग की अनुमतियां भी वापस ले ली गई हैं।

इन मार्गों पर लागू होगी वन-वे व्यवस्था

यातायात को सुचारू बनाने के लिए एसपी आवास से रानीताल छोटा गेट होते हुए गौरा भवन तक जाने वाली सड़क तथा नया बाजार तिराहे पर फेडरेशन राशन डिपो के पास से ट्रैफिक पुलिस पोस्ट, सहकारी बैंक के समीप तक का मार्ग दोपहिया वाहनों को छोड़कर वन-वे रहेगा।वहीं, बस स्टैंड से यशवंत चौक नाहन तक गुन्नूघाट होकर जाने वाला सड़क मार्ग केवल भारी वाहनों के लिए वन-वे निर्धारित किया गया है।

शाम 4 से रात 9 बजे तक इन इलाकों में निजी वाहनों की नो एंट्री

शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण के लिए गुन्नूघाट से बड़ा चौक, दिल्ली गेट से बड़ा चौक तथा बस स्टैंड से हिमाचल होटल की तरफ होते हुए बड़ा चौक तक बाजार के बीचोंबीच के सड़क खंड पर निजी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।यह प्रतिबंध अप्रैल से अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक और नवंबर से मार्च तक शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगा।

यहां बनाई गई है पार्किंग की नई व्यवस्था

प्रशासन ने जहां कई स्थानों पर पार्किंग प्रतिबंधित की है, वहीं आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।मेहलात की घाटी में होटल रीजेंसी से आगे दोपहिया वाहनों और 3 से 4 टैक्सियों के लिए येलो लाइन पार्किंग बनाई गई है।

यहां निर्धारित पार्किंग शुल्क लागू होगा।गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक भवन की छत स्थानीय दुकानदारों के दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित की गई है। आईडीबीआई बैंक के सामने से अशोक कुमार-अतुल कुमार की दुकान तक पुराने बीडीओ कार्यालय भवन की ओर जाने वाली सड़क पर भी दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

डीसी कार्यालय के समीप वन संरक्षक कार्यालय से डीसी कार्यालय के मुख्य द्वार की ओर जाने वाले बिजली के खंभे तक का क्षेत्र तथा कालीस्थान मंदिर के पीछे पार्क की दीवार के किनारे दोपहिया और हल्के वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है।

दिल्ली गेट बस स्टॉप पर एक समय में अधिकतम दो बसें पांच मिनट तक रुक सकेंगी। वहीं पंजाब नेशनल बैंक के समीप एक समय में केवल एक बस के ठहराव की अनुमति होगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।कुल मिलाकर नाहन की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने बड़ा खाका तैयार किया है।

अब असली परीक्षा इन आदेशों को धरातल पर लागू करवाने की होगी। यदि पुलिस और नगर परिषद मिलकर इन निर्देशों की नियमित निगरानी और सख्ती से पालना करवाते हैं तो निश्चित तौर पर नाहन वासियों को रोजाना लगने वाले जाम, बेतरतीब पार्किंग और बाजारों में होने वाली परेशानी से बड़ी राहत मिल सकती है।