Loading...

खड्ड में पड़ा मिला घायल तेंदुआ, घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने बचाई जान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शिलाता जंगल में उस समय हड़कंप मच गया जब गुप्त सहस्त्रधारा के समीप खड्ड में एक घायल तेंदुआ पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आक्रामक हो चुके तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के शिलाता जंगल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गुप्त सहस्त्रधारा के समीप खड्ड में एक घायल तेंदुआ पड़ा मिला। तेंदुए की हालत गंभीर होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह क्षेत्र के कुछ लोग गुप्त सहस्त्रधारा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड में पड़े घायल तेंदुए पर पड़ी। तेंदुए को देखते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग का फील्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गया। कुछ ही देर में भगानी रेंज के रेंज फॉरेस्ट अधिकारी सुमंत कुमार और रैपिड रेस्क्यू टीम सदस्य सुरेंद्र शर्मा भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया।घायल होने के कारण तेंदुआ काफी आक्रामक हो गया था, जिससे रेस्क्यू अभियान बेहद जोखिम भरा बन गया। टीम ने पहले जाल की मदद से उसे काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए बाद में ट्रैंक्विलाइज कर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिंघपुरा पुलिस चौकी से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से तेंदुआ घायल हुआ होगा। हालांकि वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
रेस्क्यू के बाद घायल तेंदुए को प्राथमिक उपचार के लिए वेटनरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए राज्य पशु चिकित्सालय भेजने की तैयारी की जा रही है।अभियान में भगानी रेंज फॉरेस्ट अधिकारी सुमंत कुमार, आरआरटी सदस्य सुरेंद्र शर्मा, वन खंड अधिकारी वीरेंद्र कुमार, उपवन अधिकारी अनवर, वन रक्षक सचिन, कपिल, रोहित, रतन और दीपिका सहित वन मित्र मौजूद रहे।