Loading...

जन शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक लेट, ऊना के यात्री परेशान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नई दिल्ली से दौलतपुर चौक जा रही ट्रेन संख्या 12057 जन शताब्दी एक्सप्रेस वीरवार को लगातार दूसरे दिन निर्धारित समय से एक घंटे से अधिक देरी से चली। पानीपत और अंबाला तक विलंब बढ़ने के कारण इसके ऊना पहुंचने में करीब एक घंटा 13 मिनट की देरी होने की संभावना जताई गई। ट्रेन के समय पर नहीं चलने से ऊना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जानकारी के अनुसार, जन शताब्दी एक्सप्रेस पानीपत रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटा पांच मिनट की देरी से पहुंची। अंबाला रेलवे स्टेशन पहुंचते-पहुंचते ट्रेन का विलंब बढ़कर करीब एक घंटा 17 मिनट हो गया। इसके चलते ऊना पहुंचने के निर्धारित समय पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई। लगातार देरी से चल रही लंबी दूरी की इस ट्रेन पर निर्भर यात्रियों की आगे की यात्रा और बसों के कनेक्शन भी प्रभावित हो रहे हैं।

ट्रेन संख्या 12057 बुधवार को भी करीब दो घंटे की देरी से ऊना पहुंची थी। लगातार दूसरे दिन विलंब होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। यात्रियों का कहना है कि देरी के कारण उन्हें आगे की यात्रा, बसों के कनेक्शन और अन्य जरूरी कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से ट्रेन के संचालन में समय की पाबंदी सुनिश्चित करने और बार-बार हो रही देरी के कारणों को दूर कर राहत देने की मांग की है।