Loading...

JOBS / सीडीपीओ सदर के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 11 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 31 Dec 2025 Edited 14 Mar 1 min read

आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए सदर परियोजना के अंतर्गत रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

बिलासपुर

11 पदों को भरे जाने की प्रक्रिया शुरू

बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर सत्या ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कुल 11 रिक्त पदों को भरा जाना है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 2 पद और आंगनबाड़ी सहायिका के 9 पद शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में भरे जाएंगे कार्यकर्ता के पद

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत निचली भटेड़ के देलग में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद तथा नगर परिषद बिलासपुर के निहाल-1 में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद भरा जाएगा।

सहायिकाओं के पद इन केंद्रों में

नगर परिषद बिलासपुर वार्ड नंबर-8 व लखनपुर, ग्राम पंचायत नौणी के आंगनबाड़ी केंद्र साईं फरडीया, ग्राम पंचायत कोठीपुरा के आंगनबाड़ी केंद्र न्यायी सारली, ग्राम पंचायत कोटला के कोटला, ग्राम पंचायत सिकरोहा के साईं नोडवा, घ्याल पंचायत के घ्याल-2, छकोह पंचायत के समोग-कनेता तथा ग्राम पंचायत निचली भटेड़ के बघड़ आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के एक-एक पद भरे जाएंगे।

पात्रता और शैक्षणिक योग्यता

सीडीपीओ सदर ने बताया कि अभ्यर्थी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र से संबंधित होना चाहिए तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 12वीं पास, आयु 18 से 35 वर्ष के बीच तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी होना अनिवार्य है।

आवेदन और साक्षात्कार की तिथि

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 15 जनवरी, 2026 सायं 5 बजे तक सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 जनवरी, 2026 को प्रातः 10 बजे एसडीएम कार्यालय सदर में आयोजित किया जाएगा।