Jobs / प्रदेश में 200 नए डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, दूरदराज क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता
Jobs : हिमाचल प्रदेश में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए 200 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई नियुक्तियों में दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
शिमला
हिमाचल प्रदेश में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जल्द दूर होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने 200 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित प्रस्ताव राज्य चयन आयोग को भेज दिया है। फाइल भेजे जाने के बाद जल्द भर्ती प्रक्रिया आरंभ होने की संभावना है।जानकारी के अनुसार हाल ही में प्रदेश मंत्रिमंडल ने 300 चिकित्सा अधिकारियों के पद भरने को मंजूरी दी थी। इनमें पहले चरण में 200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन नियुक्तियों का उद्देश्य जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी को दूर करना है।
सरकार की योजना के तहत नई नियुक्तियों में दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरा जा सके। इससे आपातकालीन सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामान्य उपचार व्यवस्था भी मजबूत होने की उम्मीद है।प्रदेश के कई ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। कई स्वास्थ्य संस्थानों में एक ही डॉक्टर पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का जिम्मा संभाल रहे हैं, जबकि कई केंद्र वर्षों से खाली पड़े हैं। इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है और सामान्य इलाज के लिए भी लोगों को जिला अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी होने के बाद जिला अस्पतालों के साथ-साथ प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों या बड़े अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे।