Loading...

Jobs / हिमाचल के CBSE सरकारी स्कूलों में नियुक्त होंगे 3,100 शिक्षक, चयन परीक्षा से मिलेगा मौका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Jobs / हिमाचल प्रदेश सरकार ने दूसरे चरण में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए विभिन्न श्रेणियों के 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इन पदों पर चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से होगा और चयनित शिक्षकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। अंग्रेजी और गणित शिक्षक पदों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी को अनिवार्य योग्यता बनाया गया है।

हिमाचल प्रदेश

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, प्रोफेशनल अंग्रेजी एवं गणित शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़ी उप-योजना के तहत कुल 600 शिक्षक रखे जाएंगे। इनमें अंग्रेजी विषय के 240 और गणित के 360 शिक्षक शामिल होंगे। सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना, विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और सीबीएसई पाठ्यक्रम अपनाने वाले सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।

इन विषयों में भरे जाएंगे 2,500 पद

सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में निश्चित मानदेय और एकमुश्त समेकित राशि के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति वाली योजना के तहत 2,500 पद भरे जाएंगे। इनमें हिंदी के 240, राजनीति विज्ञान के 199, इतिहास के 199, अर्थशास्त्र के 202, भौतिक विज्ञान के 120, रसायन विज्ञान के 120, जीव विज्ञान के 240 और संस्कृत के 240 शिक्षक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कम्प्यूटर के 120, संगीत के 120, वाणिज्य के 240, शारीरिक शिक्षा के 240 और ललित कला के 220 शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

सरकार ने शिक्षण मानकों को बनाए रखने के लिए अंग्रेजी और गणित शिक्षक पदों हेतु टीईटी को आवश्यक योग्यता बनाने का निर्णय भी लिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करना सरकारी स्कूलों के शैक्षणिक स्तर में सुधार और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार शैक्षणिक अधोसंरचना, शिक्षण मानकों और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार के लिए आवश्यक बदलाव कर रही है।

Related Topics: •