Loading...

Jobs / जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4,000 पदों पर होगी भर्ती, कर्मचारियों के हित में होंगे बड़े फैसले : मुकेश अग्निहोत्री

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Jobs : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चालू वित्त वर्ष में जल शक्ति विभाग में लगभग 4,000 पदों पर भर्ती और कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने की घोषणा की है। साथ ही पेयजल गुणवत्ता सुधार के लिए ₹2,000 करोड़ की योजना, फिना सिंह सिंचाई परियोजना के लिए ₹300 करोड़ तथा विभागीय विकास कार्यों को लेकर भी कई अहम घोषणाएं की गईं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि जल शक्ति विभाग में चालू वित्त वर्ष के दौरान लगभग 4,000 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग को मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्याप्त मानव संसाधन के बिना किसी भी विकास योजना का प्रभावी संचालन संभव नहीं है।

उपमुख्यमंत्री शनिवार को हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

नव नियुक्त कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित, सरकार करेगी निर्णायक फैसले

मुकेश अग्निहोत्री ने नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स तथा वाटर गार्ड्स को विभाग का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों का भविष्य उज्ज्वल है और यह 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली सेवा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार अपने कार्यकाल में कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और निर्णायक फैसले लेगी।

2,000 करोड़ रुपये से सुधरेगी पेयजल गुणवत्ता

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2,000 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा और जलजनित बीमारियों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

फिना सिंह सिंचाई परियोजना को मिले 300 करोड़

उन्होंने जानकारी दी कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेशभर में जल शक्ति विभाग की करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

नशे के खिलाफ सख्त रुख, 36 कर्मचारी किए बर्खास्त

उपमुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

‘विकास की राजनीति’ में विश्वास

मुकेश अग्निहोत्री ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्यों पर राजनीति करने वालों को जनता भली-भांति पहचानती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल “स्वर्णिम और विकसित हरोली” का निर्माण करना है। उन्होंने दोहराया कि वे राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और जनता के हित में लगातार कार्य करते रहेंगे।

अगले वर्ष से उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिलेगा विशेष सम्मान

उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की स्थायी परंपरा शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से अपने उत्कृष्ट कार्य, व्यवहार और सेवा भावना के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया।

‘हर घर, हर खेत तक पानी’ लक्ष्य की ओर बढ़ रहा विभाग

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता रोहित दुबे ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी “हर घर, हर खेत तक पानी” के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।इस दौरान अधीक्षण अभियंता विकास कपूर ने जल गुणवत्ता, सुरक्षित पेयजल मानकों और स्वच्छता उपायों पर विस्तृत जानकारी दी, जबकि अधिशाषी अभियंता ललिता ने जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनेशन, पेयजल योजनाओं के रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति वाला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत रॉय, पंचायत समिति सदस्य मधु धीमान, कांग्रेस नेता सतीश बिट्टू, प्रमोद कुमार, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Topics: