Jobs / 780 असिस्टेंट स्टाफ नर्स पदों की भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी, 1,849 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
Jobs / हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 780 पदों के लिए आयोजित टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में उत्तीर्ण 1,849 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। यह प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू होगी और परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध है।
शिमला
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार, असिस्टेंट स्टाफ नर्स के इन पदों के लिए कुल 11,415 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 9,983 अभ्यर्थी टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में शामिल हुए। दस्तावेज सत्यापन का विस्तृत कार्यक्रम आयोग अलग से जारी करेगा। चयनित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी और आयोग की ओर से अलग बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अलावा प्रत्येक दस्तावेज की स्वप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति और पहचान पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।