Loading...

Jobs: जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन के सात पदों पर भर्ती, 15,500 रुपये मिलेगा मानदेय

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Jobs: हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग ने जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के सात पदों पर बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। रोजगार कार्यालयों के माध्यम से होने वाली इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्ष के लिए जॉब ट्रेनी नियुक्त किया जाएगा। उन्हें प्रतिमाह 15,500 रुपये निश्चित मानदेय मिलेगा और प्रदेश में विभाग के किसी भी विंग में तैनाती दी जा सकती है।

शिमला

विभाग ने कुल सात पदों में सामान्य वर्ग के लिए तीन पद निर्धारित किए हैं। सामान्य आईआरडीपी, सामान्य ईडब्ल्यूएस, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति बीपीएल श्रेणी के लिए एक-एक पद आरक्षित रखा गया है। भर्ती का उद्देश्य विभाग के ड्राइंग कैडर को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार का अवसर देना है। प्रदेश के सभी रोजगार कार्यालयों से पात्र उम्मीदवारों के नाम और आवश्यक विवरण मांगे गए हैं।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

अभ्यर्थी का मैट्रिक या इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ड्राफ्ट्समैन ट्रेड में दो वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और बोलियों का ज्ञान वांछनीय रखा गया है। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी।

इन तारीखों तक भेजे जाएंगे आवेदन

आवेदन अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति सर्किल कसुम्पटी, शिमला के कार्यालय में भेजे जाने हैं। गैर-जनजातीय क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर और जनजातीय क्षेत्रों के लिए 28 सितंबर तय की गई है। निर्धारित समय के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सभी रोजगार कार्यालयों से पात्र उम्मीदवारों के नाम मांगे गए हैं।

Related Topics: