Loading...

भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना, विकास और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शिमला के विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भगवान हनुमान जी के दर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए भाजपा के सुशासन और जनहित के संकल्प को दोहराया।

शिमला

शिमला के विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भगवान हनुमान जी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की।मंदिर में विधिवत पूजा के दौरान नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

नड्डा ने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता, वैश्विक प्रतिष्ठा और जनभागीदारी के नए मानक स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे विकास की नई धारा बनी है।उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने भगवान हनुमान जी से प्रार्थना की कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे, देशवासियों का जीवन खुशहाल बने और विश्व मंच पर भारत का गौरव और अधिक बढ़े।इस अवसर पर जाखू मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत किया तथा देश की उन्नति और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रूप से मंगलकामनाएं कीं।