Loading...

कबड्डी / झिमीधार शनोल मेले की कबड्डी प्रतियोगिता में कटेयिक ब्रदर बनी चैंपियन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Hours Ago • 1 Min Read

राजगढ़ क्षेत्र के ऐतिहासिक झिमीधार शनोल मेले में आयोजित पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब कटेयिक ब्रदर की टीम ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने जेएमके हाब्बन को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के कई नामी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे मुकाबले रोमांचक रहे और दर्शकों को शानदार खेल देखने का अवसर मिला।

राजगढ़

आयोजक समिति के सदस्य नीरज हाब्बी ने बताया कि प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक टीमों ने भाग लिया। इनमें प्रो कबड्डी में खेल चुके खिलाड़ियों सहित कई अनुभवी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और फाइनल में कटेयिक ब्रदर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जेएमके हाब्बन को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार

विजेता टीम कटेयिक ब्रदर को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता जेएमके हाब्बन की टीम को ट्रॉफी सहित 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की दर्शकों ने जमकर सराहना की।

महिला रस्साकशी प्रतियोगिता भी रही आकर्षण का केंद्र

मेले के दौरान आयोजित महिला रस्साकशी प्रतियोगिता में सीबी टिक्कर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि देवत चौपाल की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 20 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समापन समारोह में समाजसेवी प्रताप भगनाल ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया और आयोजन समिति की सराहना करते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

Related Topics: