Loading...

ट्रक में सोने जा रहे ट्रांसपोर्टर की पुल से गिरकर मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 56 Mins Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद इलाके में एक ट्रांसपोर्टर की पुल से नीचे खड्ड में गिरने के कारण मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब व्यक्ति भोजन करने के बाद अपने ट्रक की ओर जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, मेडिकल कॉलेज नाहन में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

नाहन

औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनवीर ठाकुर (48) पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव हाब्बी, डाकघर जामुन की सेर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार देर रात करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि धनवीर ठाकुर नजदीक स्थित एक ढाबे से खाना खाने के बाद अपने ट्रक में सोने के लिए जा रहे थे। उनका ट्रक मोगीनंद पुल के समीप खड़ा था। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने ट्रक का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल से नीचे खड्ड में जा गिरे।

बताया जा रहा है कि नीचे गिरने के दौरान उनका सिर एक पत्थर से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस कालाअंब को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस प्रमुख निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह अचानक हुई दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। चालक ने ट्रक पुल के समीप खड़ा किया था और वह सोने के लिए ट्रक की ओर जा रहा था। इसी दौरान दरवाजा खोलते समय उसका पैर फिसल गया और वह नीचे खड्ड में गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नाहन में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Topics: