Loading...

कांगड़ा के करेरी में नाले में डूबने से 24 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्तों संग ट्रैकिंग पर गया था युवक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले के करेरी क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान नाले में नहाने उतरे 24 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ करेरी झील ट्रैक पर गया था, जहां हादसे के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कांगड़ा

करेरी ट्रैक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा धर्मशाला के करेरी स्थित हाफ प्वाइंट के पास हुआ। मृतक की पहचान शशांक आर्यन (24) निवासी राजा का तालाब, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। वह इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस पांवटा साहिब में अध्ययनरत था।

दोस्तों के साथ गया था ट्रैकिंग पर

बताया गया कि 17 मई को शशांक अपने दोस्तों के साथ ‘विजय एडवेंचर’ संस्था के माध्यम से गाइड लेकर करेरी झील ट्रैक पर पहुंचा था। अगले दिन सभी लोग वापसी के लिए करेरी गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे हाफ प्वाइंट के पास पहुंचने पर शशांक नाले में नहाने के लिए उतर गया।

गहरे पानी में जाने से बिगड़ी स्थिति

बताया जा रहा है कि दोस्तों द्वारा मना करने के बावजूद युवक पानी में चला गया और नहाने के दौरान गहरे हिस्से में पहुंच गया। मौके पर मौजूद दोस्तों और स्थानीय गाइडों ने उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया।

पुलिस ने शुरू की जांच प्रक्रिया

अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद साथियों के बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने की है।

Related Topics: