कांगड़ा: ट्यूशन के लिए निकला 16 वर्षीय छात्र बदहवास मिला, उपचार के दौरान मौत
कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र में ट्यूशन के लिए घर से निकले 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह लापता होने के अगले दिन घर से कुछ दूरी पर बदहवास हालत में मिला था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कांगड़ा/लंबागांव
सोल वनेहड़ पंचायत निवासी अभिलाष पुत्र संजय चौधरी जमा दो कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे घर से अपर लंबागांव स्थित ट्यूशन सेंटर जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद लंबागांव पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
अगले दिन 28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने अभिलाष को पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे देखा। यह स्थान उसके घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर बताया गया है। युवक ने सोशल मीडिया पर अभिलाष की गुमशुदगी की सूचना देखी थी। पहचान होने पर उसने पड़ोसी को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। अभिलाष के पैरों में चप्पल नहीं थी और वह ठीक से चल या बोल नहीं पा रहा था।
परिजन अभिलाष को उपचार के लिए जयसिंहपुर अस्पताल ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र के लापता होने, घर के पास बदहवास हालत में मिलने और बाद में मौत होने की परिस्थितियां फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
