उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में कांगड़ा वैली कार्निवल की तैयारियों को लेकर बैठक
धर्मशाला में कांगड़ा वैली कार्निवल 24 से 31 दिसम्बर तक आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में कार्निवल की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
धर्मशाला
29 सितम्बर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में कांगड़ा वैली कार्निवल के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि इससे पहले भी धर्मशाला में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें देश व प्रदेश के अतिविशिष्ट व्यक्तियों का प्रवास रहेगा। ऐसे में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कार्निवल की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कार्निवल के तहत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विभागवार समितियां गठित करने तथा प्रत्येक समिति को स्पष्ट दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आयोजन स्थल की साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, मंच व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि कार्निवल के दौरान स्मारिका प्रकाशन, मैराथन, साइक्लिंग, एंटी-चिट्टा नुक्कड़ नाटक, खेल गतिविधियों सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय कलाकारों तथा स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित समितियों को इन कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
क्रिकेट स्टेडियम में कन्सर्ट प्रस्तावित
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में कांगड़ा वैली कार्निवल के शुभारंभ अवसर पर कन्सर्ट आयोजित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि कन्सर्ट में प्रवेश टिकट के माध्यम से होगा। इससे कार्निवल के आयोजन के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त जफर इकवाल, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक चैहान, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।