अमरपुर शिव मंदिर के पालने से कान्हाजी की मूर्ति गायब, जांच की उठी मांग
अमरपुर मोहल्ले के शिव मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर पालने में रखी गई कान्हाजी की मूर्ति छठी कार्यक्रम की तैयारी के दौरान गायब मिली। पंडित ने पालना खाली देखकर स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। घटना से चिंतित वार्ड नंबर पांच के लोगों ने बुधवार को उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने, मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
सिरमौर/अमरपुर
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पार्षद सीमा अत्री ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के लिए अमरपुर मोहल्ले के शिव मंदिर में पालना सजाकर उसमें कान्हाजी की मूर्ति रखी गई थी। इसके बाद मंदिर में छठी कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पंडित ने पालना देखा तो उसमें मूर्ति मौजूद नहीं थी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन मूर्ति का पता नहीं चल सका। लोगों ने आशंका जताई कि कोई नशेड़ी मूर्ति को मंदिर से उठाकर ले गया हो सकता है।
मंदिर में सीसीटीवी लगाने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना की जांच करवाने के साथ मंदिर परिसर में सुरक्षा के ठोस प्रबंध करने की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पार्षद सीमा अत्री ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति गलती से कान्हाजी की मूर्ति ले गया है तो वह उसे चुपचाप मंदिर में वापस रख दे। स्थानीय लोग अब मूर्ति के मिलने का इंतजार कर रहे हैं और प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।