नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग ने निजी खर्च से शुरू कराया ऐतिहासिक रामकुंडी तालाब का जीर्णोद्धार
नाहन नगर परिषद चुनाव के नतीजे आने के कुछ ही दिनों बाद नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग ने अपने चुनावी वादे को धरातल पर उतारते हुए ऐतिहासिक रामकुंडी तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करा दिया है। वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहे इस स्थल को आधुनिक पार्क के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। निजी संसाधनों से शुरू किए गए इस कार्य को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक पहल बताते हुए स्वागत किया है।
नाहन
नाहन नगर परिषद चुनाव के नतीजे आए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी शेष है, लेकिन वार्ड नंबर-1 से नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाने की शुरुआत कर दी है। शहर की ऐतिहासिक पहचान रहे रामकुंडी तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू होते ही यह पहल पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है।वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा रामकुंडी तालाब पानी के अभाव, गाद और झाड़ियों के कारण अपनी पहचान खो चुका था। स्थानीय लोगों की नजरों के सामने धीरे-धीरे यह ऐतिहासिक स्थल खंडहर में तब्दील होता जा रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान कपिल गर्ग ने इस स्थान के पुनर्जीवन का वादा किया था और अब जीत के तुरंत बाद उन्होंने उस दिशा में पहला कदम भी उठा दिया है।
वार्डवासियों और सहयोगियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनें लगाकर तालाब में जमी गाद, मिट्टी, झाड़ियां और घास-फूस हटाने का काम शुरू किया गया। खास बात यह है कि यह कार्य फिलहाल किसी सरकारी बजट से नहीं बल्कि कपिल गर्ग द्वारा अपने निजी संसाधनों से करवाया जा रहा है।कपिल गर्ग ने बताया कि रामकुंडी केवल एक तालाब नहीं बल्कि नाहन की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इस स्थल को नई पहचान देने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चरण में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये की लागत से यहां आधुनिक पार्क विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
योजना के अनुसार पार्क में आकर्षक फव्वारा, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, ओपन जिम, योग स्थल, हरित लॉन, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तालाब में पानी का कोई स्थायी स्रोत नहीं बचा है। इसके अलावा पानी भरने की स्थिति में सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी सामने आती हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों की सहमति से इसे एक सुंदर और बहुउपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।कपिल गर्ग ने कहा कि नाहन के विधायक अजय सोलंकी शहर के विकास और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से वार्ड की विकास योजनाओं को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को संवारना और उन्हें लोगों के उपयोग के अनुरूप विकसित करना विधायक की सोच का भी हिस्सा है।
उधर वर्षों से उपेक्षित पड़े रामकुंडी क्षेत्र में मशीनें पहुंचने और सफाई कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने इसे चुनावी वादे को धरातल पर उतारने की सकारात्मक शुरुआत बताया। नगर परिषद के गठन से पहले ही विकास कार्य की शुरुआत ने यह संदेश भी दिया है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो जनप्रतिनिधि बिना औपचारिक पदों और बजट का इंतजार किए भी बदलाव की शुरुआत कर सकते हैं।इस अवसर पर राजेंद्र सिंह, जंग बहादुर, अश्विनी गौतम, इंतजार अली, मामराज पुंडीर, शाहनवाज, याकूब, राजकुमार, सचिन छेत्री, अनुराग छेत्री, राजेश पुंडीर, सिद्धार्थ छेत्री सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।