Loading...

कसुम्पटी कांग्रेस ने 18 जोन में नियुक्त किए समन्वयक, हर सप्ताह देनी होगी कार्य रिपोर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी ने संगठन को गांव, वार्ड, पंचायत और बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए क्षेत्र की 38 पंचायतों और 18 वार्डों को 18 जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में एक समन्वयक नियुक्त किया है। विधायक अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में राजीव भवन में हुई बैठक में तय किया गया कि समन्वयक कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क रखेंगे और उन्हें अपने कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट भी देनी होगी।

शिमला/शिमला

शिमला स्थित राजीव भवन में 12 नवंबर को आयोजित बैठक में समन्वयकों की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नियुक्तियों का उद्देश्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद, बेहतर तालमेल तथा जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समन्वयकों की नियुक्ति का किसी संगठनात्मक पद या पद की दावेदारी से कोई संबंध नहीं है।

बैठक में पंचायत और वार्ड समन्वयकों, ग्राम समितियों तथा महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के समन्वयकों की व्यवस्था पर भी विचार किया गया। संगठन की गतिविधियों और सूचनाओं को व्यवस्थित ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक स्तर पर मीडिया समन्वयक नियुक्त करने पर चर्चा हुई। नियुक्त समन्वयक अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बनाए रखेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों में तालमेल स्थापित करेंगे और उन्हें सौंपे गए कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि समन्वयकों से साप्ताहिक कार्य रिपोर्ट लेने के साथ उनके कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। जल्द ही महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी की अलग-अलग बैठकें बुलाई जाएंगी, जिनमें संगठनात्मक कार्यों और आगामी गतिविधियों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि नियमित संवाद और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से संगठन को प्रत्येक गांव और बूथ स्तर पर अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Topics: •