सिरमौर में 16 से 18 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाएं, योजना की अंतिम सूची का होगा पुनः सत्यापन
मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के सर्वेक्षण की अंतिम सूची के पुनः सत्यापन के लिए सिरमौर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 16 से 18 नवंबर 2026 तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोगों के सामने समेकित सूची रखकर उस पर चर्चा और जनसमीक्षा की जाएगी, ताकि किसी अपात्र परिवार का नाम अंतिम सूची में शामिल न रहे।
नाहन
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पहले किए गए सर्वेक्षण के सभी नौ चरणों में चिह्नित परिवारों की डेटा एंट्री पूरी हो चुकी है। अब इस सूची का अंतिम बार सत्यापन किया जाना आवश्यक है। जिले के सभी विकास खंडों के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर सूची की समीक्षा की जाएगी।
नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित होंगी सूचियां
विशेष ग्राम सभाओं में संबंधित पंचायत की समेकित सूची लोगों के सामने प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही सूचियों को ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के लिए कोरम पूरा करना आवश्यक नहीं होगा। उपायुक्त ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रधानों और पंचायत सचिवों को आयोजन सुनिश्चित करने तथा लोगों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।