Loading...

पूर्वनी मार्ग से 17 अगस्त को शुरू होगा किन्नौर कैलाश यात्रा का दूसरा चरण, तंगलिंग मार्ग बंद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

किन्नौर कैलाश यात्रा का दूसरा चरण 17 अगस्त से पूर्वनी मार्ग पर शुरू होगा और 23 अगस्त तक चलेगा। प्रशासन ने प्रतिदिन केवल 50 श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति देने का निर्णय लिया है। पंजीकरण बेस कैंप पर ऑफलाइन होगा और इस बार ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। तंगलिंग मार्ग से 30 जुलाई को शुरू हुई यात्रा 14 अगस्त को अंतिम जत्थे की रवानगी के साथ समाप्त हो गई।

रिकांगपिओ

प्रशासन ने तंगलिंग मार्ग से किन्नौर कैलाश यात्रा का संचालन 30 जुलाई से 14 अगस्त तक किया। इन 16 दिनों में करीब चार हजार श्रद्धालु यात्रा पर रवाना हुए। हर साल तंगलिंग और पूर्वनी मार्ग से यात्रा एक साथ संचालित की जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद किन्नौर प्रशासन ने पूर्वनी मार्ग से भी एक सप्ताह तक यात्रा संचालित करने का निर्णय लिया है।

बेस कैंप पर होगा ऑफलाइन पंजीकरण

पूर्वनी मार्ग से प्रतिदिन अधिकतम 50 श्रद्धालु किन्नौर कैलाश यात्रा पर जा सकेंगे। श्रद्धालुओं का पंजीकरण बेस कैंप पर केवल ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा। इस बार ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। पूर्वनी मार्ग से भी यात्रा पूरी करने में दो दिन का समय लगेगा। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से पूर्वनी गांव का सफर नेशनल हाईवे-5 और उससे जुड़े संपर्क मार्ग से करीब 30 से 45 मिनट में पूरा होता है।

साल 2025 में किन्नौर कैलाश यात्रा 1 जुलाई से 19 अगस्त तक संचालित हुई थी और 7,253 श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन किए थे। इस बार लोगों के विरोध, खराब रास्ते और अन्य कारणों से यात्रा देरी से शुरू हुई। किन्नौर कैलाश यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि पूर्वनी मार्ग से यात्रा का संचालन 17 से 23 अगस्त तक किया जाएगा।

Related Topics: