किन्नौर कैलाश यात्रा आज से शुरू, पहले दिन 375 श्रद्धालु करेंगे पवित्र यात्रा
किन्नौर कैलाश की पवित्र यात्रा आज से विधिवत शुरू हो रही है। पहले दिन 375 श्रद्धालुओं का जत्था तांगलिंग से यात्रा पर रवाना होगा। जिला प्रशासन ने यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
किन्नौर
जिला प्रशासन के अनुसार किन्नौर कैलाश यात्रा 30 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। हालांकि, यात्रा का संचालन मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगा। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत प्रतिदिन अधिकतम 375 श्रद्धालुओं को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इनमें 175 ऑनलाइन, 125 ऑफलाइन और 75 श्रद्धालु एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से यात्रा कर सकेंगे।
मेडिकल फिटनेस और पंजीकरण अनिवार्य
यात्रा पर जाने से पहले प्रत्येक श्रद्धालु का मेडिकल फिटनेस परीक्षण किया जाएगा। बिना मेडिकल फिटनेस और वैध पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। इस वर्ष यात्रा केवल तांगलिंग-मेलिंग खाता-गुफा मार्ग से संचालित की जाएगी।
सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, वन, जल शक्ति और राजस्व विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। किन्नौर कैलाश यात्रा समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और अधिकृत पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर निकलने की अपील की गई है।