कोटड़ी व्यास फाइटर ने जीती अस्मिता रग्बी टूर्नामेंट की ट्रॉफी, 14 टीमों की 130 महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम
एमसी ग्राउंड पांवटा साहिब में आयोजित ‘अस्मिता रग्बी सिटी टूर्नामेंट’ में कोटड़ी व्यास फाइटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम की।
पांवटा साहिब
प्रतियोगिता में 14 टीमों की करीब 130 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन के तत्वाधान में खेलो इंडिया की ‘अस्मिता’ पहल के तहत आयोजित टूर्नामेंट का उद्देश्य महिला रग्बी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना रहा। अंडर-15 वर्ग में कोटड़ी व्यास फाइटर विजेता और माजरा की टीम उपविजेता रही। सीनियर वर्ग में द स्प्रिंग नेक्टर अकादमी ने खिताब जीता, जबकि कोटड़ी व्यास फाइटर ने दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों में द स्कॉलर होम टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के दौरान दीपिका, स्नेहा चौधरी, पायल, दिव्यांशी, श्वेता, स्नेहा, श्रद्धा, काजल, रूबी, साक्षी, नंदिता, महक और अनिशा समेत खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, गति, साहस और खेल भावना का प्रदर्शन किया। महिला खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट उन्हें आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी के लिए मंच देते हैं। खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन का आयोजन के लिए आभार जताया।
समापन समारोह में समाजसेवी मनीष तोमर मुख्य अतिथि रहे, जबकि समाजसेवी ओमप्रकाश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में सिविल सप्लाई डायरेक्टर नसीम बेगम और शाहनवाज खान (शानू) सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद और सचिव विशाल सरिन के मार्गदर्शन में हुआ। टूर्नामेंट डायरेक्टर धर्मेंद्र चौधरी ने संचालन की जिम्मेदारी संभाली। कोषाध्यक्ष एवं बोर्ड टेक्निकल कमेटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार ने ऑल ओवर इंचार्ज की भूमिका निभाई।
मैचों को नियमों के अनुसार निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में क्वालिफाइड रेफरी रूबी, अनीशा, नवप्रीत, सुमित, अरविंद, अंशुल और अरबाज ने भूमिका निभाई। समापन समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट डायरेक्टर धर्मेंद्र चौधरी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ऑफिशियल, खिलाड़ियों और अतिथियों का आभार जताया।