Loading...

10वीं बोर्ड परीक्षा में शहीद कमल कांत मेमोरियल विद्यालय कोटड़ी व्यास का परिणाम रहा सराहनीय

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं परीक्षा में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। विद्यालय की छात्रा अंशिका चौधरी ने 94.28 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।

पांवटा साहिब

अंशिका चौधरी ने हासिल किया प्रथम स्थान

शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 में सराहनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। विद्यालय की छात्रा अंशिका चौधरी पुत्री श्री पवन कुमार निवासी गांव चांदपुर ने 660 अंक प्राप्त कर 94.28 प्रतिशत के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नैना पुत्री श्री मोहन चौधरी निवासी कोटड़ी ने 601 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि स्नेहा पुत्री श्री सालिन्दर चौधरी निवासी चांदपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन ने तीनों छात्राओं की उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।

24 विद्यार्थियों में से 20 ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा की उत्तीर्ण

विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष 10वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 24 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से 20 विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का परिणाम बेहतर बनाया। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को दो विषयों में कंपार्टमेंट घोषित किया गया है, जबकि एक विद्यार्थी को री-अपीयर श्रेणी में रखा गया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों का स्वागत फूल-मालाओं के साथ किया गया और विद्यार्थियों की सफलता पर शिक्षकों तथा अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

खेल और योग गतिविधियों में भी सक्रिय हैं छात्राएं

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि विद्यालय की टॉपर अंशिका चौधरी पढ़ाई के साथ-साथ योग और खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने बताया कि अंशिका योग की ब्रांड एंबेसडर होने के साथ राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भी हैं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं। इसके अलावा विद्यालय की अन्य छात्राएं नैना और स्नेहा भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेल गतिविधियों में सहभागिता भी विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

विद्यालय प्रबंधन समिति और स्टाफ ने दी बधाई

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह, सदस्य सुमन, मुलख राज, राजकुमार, मीरा, सर्वजीत और पवन कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, प्रिंसिपल और समस्त स्टाफ को बधाई दी। इसके अलावा प्राइमरी अध्यक्ष सोमी देवी, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, शिव मंदिर कमेटी चांदपुर के प्रधान, युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के अध्यक्ष प्रभात डीपी तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रिंसिपल जीवन प्रकाश जोशी तथा स्टाफ सदस्य रघुवीर तोमर, शशि गुप्ता, चतर चौहान, उर्मिल शर्मा, किरण कपूर, सुष्मिता, राकेश, सुशील शर्मा, ज्योति, किरण, लता एवं धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों का संयुक्त परिणाम है।

Related Topics: