Loading...

कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई की उपचार के दौरान मृत्यु, पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कार्यालय से लौटते समय घायल मिले जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की उपचार के दौरान एम्स बिलासपुर में मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है तथा मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल जारी है।

कुल्लू

कार्यालय से लौटने के दौरान घायल अवस्था में मिले जेई

कुल्लू जिले में जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान कुल्लू के खौला निवासी लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वह शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह अपने कार्यालय गए थे। देर रात करीब 11 बजे उन्होंने परिजनों को फोन कर पिरड़ी पुल के पास एक दुर्घटना होने की जानकारी दी और बताया कि वह शीघ्र घर पहुंच रहे हैं। निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर मिले थे घायल

तलाश के दौरान गांधीनगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित अवस्था में खड़ी मिली। आसपास खोजबीन करने पर उनके कार्यालय से लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक सब्जी के खोखे के निकट लाभ सिंह अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर रेफर किया गया।

उपचार के दौरान हुई मृत्यु

एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान रविवार सुबह लाभ सिंह गुलेरिया की मृत्यु हो गई। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है ताकि घटना के कारणों और इसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा सके। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: