Loading...

कुनिहार पंचायत चुनाव में दो बैलेट पेपर गायब, आठ कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सोलन के कुनिहार विकास खंड में पंचायत चुनाव के दौरान दो बैलेट पेपर गायब पाए जाने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए चुनाव ड्यूटी में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।

सोलन

बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान सामने आया मामला

पंचायत चुनाव के लिए विकास खंड कुनिहार में चल रहे बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो बैलेट पेपर गायब पाए गए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पंचायत खनलग के वार्ड-4 के लिए जारी किए गए बैलेट पेपरों की जांच के दौरान दो मतपत्र रिकॉर्ड से गायब पाए गए।

आठ कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज करवाया मामला

खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पंचायत कुनिहार तन्मय कंवर की ओर से पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत के अनुसार पंचायत खनलग वार्ड-4 के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र उपलब्ध नहीं मिले। मामले को देखते हुए बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं।

चुनाव ड्यूटी से हटाए गए कर्मचारी

प्रशासन की ओर से संबंधित सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चुनाव प्रक्रिया और बैलेट पेपर लेखन कार्य से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: