कुटलैहड़ की धनेत जिला पार्षद वार्ड में भाजपा ने झोंकी ताकत, जिला पार्षद उम्मीदवार वीना देवी के समर्थन में उतरे भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो
धनेत जिला पार्षद वार्ड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी के समर्थन में पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने जनसभाओं और डोर टू डोर प्रचार के दौरान भाजपा की विकास नीतियों और जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही। भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और जनता की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने धनेत जिला पार्षद वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी के पक्ष में प्रचार अभियान तेज करते हुए जनता से भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। धनेत क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं और डोर टू डोर प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी वादों की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि यदि जनता वीना देवी को अपना आशीर्वाद देती है तो धनेत जिला पार्षद वार्ड में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि “विकास और जनता की समस्याओं के समाधान की गारंटी मेरी है। भाजपा हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच सक्रिय रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब क्षेत्र में आपदा आई और कई परिवार प्रभावित हुए, उस समय सबसे पहले कुटलैहड़ भाजपा मंडल के सदस्य पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया, जबकि राज्य सरकार के प्रतिनिधि और स्थानीय कांग्रेस नेता उस समय क्षेत्र से नदारद रहे।दविंदर भुट्टो ने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल चुनावों तक सीमित नहीं है,बल्कि पार्टी का हर कार्यकर्ता समाजसेवा के भाव से जनता के बीच कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहत सामग्री पहुंचाने से लेकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों की मदद की। यही कारण है कि आज जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है।
दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि धनेत जिला पार्षद वार्ड में युवाओं, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने, ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी एक मेहनती, ईमानदार और जनता के बीच रहने वाली महिला हैं, जो हर वर्ग की आवाज बनकर कार्य करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव केवल व्यक्ति का नहीं बल्कि क्षेत्र के भविष्य का चुनाव है। इसलिए ऐसे उम्मीदवार का चयन करें जो हर समय जनता के साथ खड़ा रहे।
भुट्टो ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की धीमी गति से परेशान है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और पंचायत चुनावों में इसका असर स्पष्ट दिखाई देगा।उन्होंने दावा किया कि कुटलैहड़ क्षेत्र में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। धनेत जिला पार्षद वार्ड में भी लोग विकास और मजबूत नेतृत्व के नाम पर भाजपा के साथ खड़े हैं।अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि क्षेत्र के हर गांव तक विकास पहुंचे और हर जरूरतमंद व्यक्ति की आवाज को मजबूती से उठाया जाए। उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी को भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दें।
