ग्राम पंचायत सुगड़ियाल के चराडा में कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यतिथि,सुनी जनता की जन समस्याएं
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना के कुटलैहड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुगड़ियाल के चराडा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही कई मुद्दों के समाधान के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में प्रशासन की सक्रियता और कम शिकायतों को सकारात्मक संकेत बताया गया।
ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुगड़ियाल के गांव चराडा में राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की।कार्यक्रम में उपमंडल बंगाणा प्रशासन द्वारा मुख्यतिथि का भव्य स्वागत किया गया। बही पंचायत प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विधायक विवेक शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें अपनी पंचायत एवं क्षेत्र की स्थिति और विकास कार्यों की जानकारी भी दी। इस कार्यक्रम में छह पंचायतों के लोगों को आमंत्रित किया गया था, ताकि वे अपनी समस्याएं प्रशासन, जनप्रतिनिधियों के समक्ष सीधे रख सकें। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, लोगों ने सरकार की इस पहल को सकारात्मक कदम बताया। सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों में पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करे।
शिकायतें कम आने पर विवेक शर्मा ने बंगाणा प्रशासन एवं सुक्खू सरकार की सक्रियता का परिणाम,कार्यक्रम में सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि छह पंचायतों के इस संयुक्त कार्यक्रम में दो दर्जन के करीब भी लिखित शिकायतें नहीं पहुंचीं। इसे विधायक विवेक शर्मा ने प्रशासन की सक्रियता ईमानदार कार्यशैली का परिणाम बताया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि छोटी-छोटी शिकायतों का इस कार्यक्रम में कम आना इस बात का संकेत है कि बंगाणा प्रशासन पहले से ही लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर कर रहा है।विधायक ने कहा कि एसडीएम सोनू गोयल खंड विकास अधिकारी के एल वर्मा, तहसीलदार अमित कुमार तथा थाना प्रभारी रोहित चौधरी पूरी ईमानदारी से जनता की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सजगता के कारण अब क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़कों से संबंधित समस्याएं पहले की तुलना में काफी कम हुई हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू की लोकप्रियता ओर उनके तीन वर्षों के कार्यकाल से जनता खुश है। और घर द्वार जनता की समस्याओं का समाधान भी हो रहा है।
विधायक विवेक शर्मा ने मौके पर आई समस्याओं का किया समाधान
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी कई मौखिक समस्याएं भी विधायक विवेक शर्मा और प्रशासन के समक्ष रखीं। विधायक विवेक शर्मा ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। जनता द्वारा बिजली आपूर्ति, पानी की सप्लाई और कुछ रास्तों से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया, जिनका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि जनता की हर समस्या का समाधान उनके घर-द्वार पर ही हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को किसी भी छोटी-बड़ी समस्या के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार जनता के साथ खड़ी है। कार्यक्रम में कई शिकायतकर्ताओं ने विधायक विवेक शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में पहले जैसी बड़ी समस्याएं नहीं रह गई हैं और बिजली-पानी की सप्लाई पहले की अपेक्षा अधिक सुचारू हो गई है।
राज्य की सरकार गांव और गरीब की सरकार, मुख्यमंत्री जानते हैं गांव गरीब का दुख दर्द
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गांव और गरीब की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हर घर तक पक्के रास्ते बनाना, स्वच्छ और नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना और कम वोल्टेज जैसी समस्याओं से लोगों को राहत दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सड़क सुविधा अत्यंत आवश्यक है और सरकार हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पंचायत स्तर पर मजबूत और सक्रिय प्रतिनिधि नहीं होंगे, तब तक विकास की गति को और तेज करना संभव नहीं है।
पंचायत चुनाबो में ऊर्जावान बिकास करवाने वाले चुने जन प्रतिनिधि
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा ने आने वाले पंचायत चुनावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों का बिगुल जल्द बजने वाला है, इसलिए जनता को एक अच्छा, ईमानदार और ऊर्जावान पंचायत प्रतिनिधि चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों के माध्यम से गांवों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं आती हैं, और इन योजनाओं का सही उपयोग तभी संभव हैजब पंचायत प्रतिनिधि ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। विधायक विवेक शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करें, जो अपनी पंचायत को विकास का मॉडल बना सके और गांव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि विधायक तभी पंचायतों में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवा सकते हैं, जब पंचायत प्रतिनिधि भी विकास के प्रति समर्पित और सक्षम हों। इसलिए आपसी भाईचारे को भी खराब न करें।और अच्छे और सच्चे जन प्रतिनिधि चुनें। ताकि आपकी पंचायत बिकास का मॉडल बन सकें।
मुख्यमंत्री की गृह विधानसभा नजदीक होने का कुटलैहड़ की जनता को मिल रहा लाभ
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र के लिए यह भी एक सकारात्मक बात है कि यहां से लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू की गृह विधानसभा क्षेत्र स्थित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की निकटता का लाभ भी क्षेत्र को मिल रहा है और विकास कार्यों में तेजी आई है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और कोई भी परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने प्रशासन और विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब बिजली और पानी की आपूर्ति बेहतर हुई है और कई रास्तों का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह गांवों में कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर होता रहेगा और विकास कार्यों को नई गति प्रदान होती रहेगी।
इस मौके पर एसडीएम सोनू गोयल ,डीएसपी अजय ठाकुर,खंड बिकास अधिकारी के एल वर्मा तहसीलदार अमित कुमार थाना प्रभारी रोहित चौधरी कृषि अधिकारी सतपाल धीमान जल शक्ति एक्सियन हरभजन सिंह कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा ,विवेक मिंका सत्या देवी,केवल कृष्ण शर्मा जगदीश चंद शर्मा के सी शर्मा सहित पार्टी प्रमुख अधिकारी कर्मचारी एवं सेकंडों की संख्या में लोग मौजूद रहे।