Loading...

लाल सिंगी के लोगों ने अधूरे नाले को लेकर उठाई आवाज, जिलाधीश को सौंपा शिकायत पत्र

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

लाल सिंगी क्षेत्र के ग्रामीणों ने बरसात के मौसम से पहले अधूरे पड़े नाले के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधीश ऊना को शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि नाले का निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण बरसात के दौरान जल निकासी प्रभावित होती है और लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ग्रामीणों के अनुसार नाले का निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया है, जिसके चलते बरसात के समय पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पाती। परिणामस्वरूप बरसाती पानी घरों, आंगनों और कृषि भूमि में घुस जाता है, जिससे हर वर्ष लोगों को भारी परेशानी और नुकसान का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नाले का निर्माण खड्ड तक पूरा नहीं किया गया तो आगामी बरसात में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

बरसात से पहले समाधान की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले नाले का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों की जान-माल और फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और समय रहते आवश्यक कदम उठाएगा।

इस बीच ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी क्षेत्र का दौरा कर समस्या का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नाले का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बरसात से पहले इस समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।