Loading...

Landslide: बागनधार चूना पत्थर खदान के मलबे से चालक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

Landslide: सिरमौर जिले के कफोटा के पास बागनधार स्थित चूना पत्थर खदान में हुए भारी भूस्खलन के बाद मलबे में दबे तीन लोगों में से चालक अनिल कुमार का शव एनडीआरएफ ने बरामद कर लिया है। नेपाली मूल के दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। घटनास्थल पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं तथा बचाव दल मलबा हटाने में जुटे हैं।

सिरमौर/कफोटा

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बागनधार में भीमगोडा माइन पर मंगलवार को भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से आई बड़ी चट्टानों और मलबे की चपेट में दो डंपर तथा एक एलएनटी मशीन आ गई थी। हादसे के समय वाहनों में एक चालक और दो मजदूर मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन लगातार गिरते मलबे, घने कोहरे और बारिश के कारण अभियान में परेशानी आई।

Landslide: बागनधार चूना पत्थर खदान के मलबे से चालक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

एनडीआरएफ ने मलबे से निकाला शव

बुधवार को एनडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस और लोगों की सहायता से दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाया। बचाव दल ने वाहन के साथ मलबे में दबे चालक को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान बड़वास निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, एसडीएम शिलाई जसपाल और डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि चालक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि मलबे में दबे नेपाली मूल के दो लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की खोज पूरी होने तक बचाव दल मौके पर रहेगा। जिला खनन अधिकारी सरित चंद के अनुसार बरसात के मौसम में भी चूना पत्थर खदानों में खनन गतिविधियां बंद नहीं रहती हैं। हादसे के कारणों की जांच केंद्रीय एजेंसियां करेंगी।

Related Topics: