Landslide: तिलोरधार की चूना पत्थर माइन से तीन शव बरामद, 10 घंटे चला रेस्क्यू
Landslide: जिला सिरमौर के तिलोरधार क्षेत्र स्थित बागनधार की भीमगोडा चूना पत्थर माइन में भूस्खलन के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाले। अभियान के दौरान लगातार बारिश, घनी धुंध और मलबा खिसकने की आशंका से टीमों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सिरमौर/शिलाई
रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले टिप्पर चालक अनिल कुमार (26) निवासी बड़वास, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर का शव निकाला गया। इसके बाद नेपाली मजदूर धन सिंह (55) निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव बरामद हुआ। अंधेरा होने और अभियान रोके जाने से ठीक पहले तीसरा शव भी मिल गया। उसकी पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह (50-55) के रूप में हुई है।
गत मंगलवार दोपहर बाद बागनधार की भीमगोडा माइन में भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से आए मलबे और चट्टानों की चपेट में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन दब गई थी। हादसे के समय वहां एक चालक और दो मजदूर मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और संभावित स्थानों से लगातार मलबा हटाया।
उपायुक्त ने घटनास्थल पर लिया जायजा
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे, जबकि अभियान का संचालन एसडीएम शिलाई जसपाल के नेतृत्व में किया गया। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
एसडीएम जसपाल ने बताया कि चूना खदान में जोखिम के बावजूद बचाव दल मौके पर डटे रहे और तीनों शवों को खोजकर बाहर निकाल लिया गया। बारिश, घने कोहरे और दोबारा मलबा खिसकने की आशंका के बीच टीमों ने करीब 10 घंटे तक अभियान जारी रखा। उन्होंने बताया कि मामले में अब आगामी कार्रवाई की जा रही है।
