गाड़ी की छत पर यात्रा कर रहे सैलानियों का पुलिस ने काटा 7500 रुपए चालान
मनाली में वाहन की छत पर बैठकर यात्रा और शोर-शराबा करने के मामले में पुलिस ने सैलानियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन का 7500 रुपए का चालान किया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया है। पुलिस ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
कुल्लू
माल रोड के समीप वाहन की छत पर यात्रा कर रहे थे सैलानी
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मनाली माल रोड के समीप कुछ पर्यटक एक वाहन की छत पर बैठकर यात्रा कर रहे थे। इस दौरान वाहन में सवार लोग सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबा भी कर रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने वाहन सवार लोगों को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए वाहन से नीचे उतरने को कहा।
पुलिस और पर्यटकों के बीच हुई बहस
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब पुलिस टीम ने पर्यटकों को नियमों के उल्लंघन के बारे में समझाने का प्रयास किया तो कुछ लोग पुलिस से बहस करने लगे। वाहन में कुछ निहंग सिख भी सवार बताए गए हैं। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मनीष भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाया। पुलिस ने सभी लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
7500 रुपए का चालान किया गया
मनाली पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 7500 रुपए का चालान किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्यटकों को चेतावनी भी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार यातायात और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
हाल के दिनों में सामने आए कई मामले
पिछले कुछ दिनों के दौरान कीरतपुर-मनाली फोरलेन और मनाली क्षेत्र में पर्यटकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में हनोगी टनल क्षेत्र में भी पर्यटकों के बीच विवाद का मामला सामने आया था। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।