मंडी: बसंतपुर में डाक कर्मचारी की फंदे से मौत, कारणों की जांच कर रही पुलिस
मंडी जिले के सरकाघाट पुलिस थाना क्षेत्र के बसंतपुर में 47 वर्षीय डाक कर्मचारी ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान बसंतपुर निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी/सरकाघाट
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस जांच के जरिए मौत से जुड़ी परिस्थितियों और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सुनील कुमार वर्तमान में शाखा डाकघर रखोह में सेवारत थे। पुलिस के अनुसार, अभी तक आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। एसएचओ सरकाघाट रजनीश ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।