Accident / मंडी में शिकारी देवी मंदिर मार्ग पर कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौत
Accident : मंडी जिले में शिकारी देवी मंदिर के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
मंडी
शिकारी देवी मंदिर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा
मंडी जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता शिकारी देवी मंदिर के समीप बीती रात एक ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा देर रात उस समय हुआ जब वाहन में चार लोग सवार होकर क्षेत्र से गुजर रहे थे। दुर्घटना के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल व्यक्ति ने सड़क तक पहुंचकर दी सूचना
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुनसान क्षेत्र में हुई थी, जिसके चलते प्रारंभिक तौर पर किसी को घटना का पता नहीं चल पाया। इसी दौरान हादसे में घायल एक व्यक्ति सड़क तक पहुंचा और वहां टेंट लगाकर रह रहे लोगों को दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद जंजैहली पुलिस थाना को रात करीब एक बजे सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया।
दो लोगों की मौत, दो का अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस के अनुसार कार में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में भूपेंद्र राज और हेत राम निवासी थुनाग की मौत हो गई। वहीं योगराज और पूर्णचंद घायल हुए हैं, जिनमें एक थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार सड़क हादसे से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।