अमेरिका के पेंसिलवेनिया बंदरगाह से मिर्जापुर निवासी मर्चेंट नेवी अधिकारी मनीष द्विवेदी लापता
मिर्जापुर निवासी मर्चेंट नेवी के सेकंड ऑफिसर मनीष द्विवेदी अमेरिका के पेंसिलवेनिया बंदरगाह से लापता बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार 7 मई के बाद से उनका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है, जिसके बाद मामले में प्रशासनिक अधिकारियों और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से सहायता की मांग की गई है।
मिर्जापुर
7 मई के बाद परिवार से नहीं हो पाया संपर्क
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र स्थित चौहान पट्टी गांव निवासी मनीष द्विवेदी मर्चेंट नेवी में सेकंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार वह वर्तमान में ‘वेसल सिफ्नोस लेडी’ नामक शिप पर तैनात थे और 18 अप्रैल को ड्यूटी पर गए थे। बताया गया कि शिप अमेरिका के पेंसिलवेनिया स्थित मार्क्स हुक पोर्ट पहुंचा था। 7 मई के बाद से परिवार का मनीष से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई।
मॉल घूमने गए थे साथी अधिकारियों के साथ
परिवार के मुताबिक, पोर्ट पर पहुंचने के बाद शिप के कैप्टन, चीफ ऑफिसर, मनीष द्विवेदी और कैडेट ऑफिसर प्रांजल मॉल घूमने गए थे। बताया गया कि कुछ समय बाद कैप्टन, चीफ ऑफिसर और कैडेट अधिकारी वापस शिप पर लौट आए, लेकिन मनीष नहीं पहुंचे। जानकारी के अनुसार कैप्टन ने जब फोन कर उनसे संपर्क किया तो मनीष ने बताया कि वह कुछ देर में लौट रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और फिर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
कंपनी से स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने की बात
मनीष के परिजनों का कहना है कि बाद में कंपनी से जुड़े गैरी गोम्स नामक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि मनीष कई घंटों से शिप से लापता हैं। इसके बाद परिवार ने लगातार व्हाट्सएप, कॉल और अन्य माध्यमों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिपिंग कंपनी वेस्टर्न क्रू मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी उन्हें स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। परिवार का कहना है कि कंपनी अधिकारियों से संपर्क करने के प्रयास किए गए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
प्रशासन और केंद्रीय मंत्री से मांगी गई सहायता
मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर सहायता की मांग की है। परिवार ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि संबंधित एजेंसियों और विदेश मंत्रालय के माध्यम से मनीष की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। परिजनों का कहना है कि उन्हें अब तक कोई आधिकारिक और स्पष्ट सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
विदेश मंत्रालय स्तर पर भी चल रहे प्रयास
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बताया कि परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने विदेश मंत्री को पत्र भेजा है। इसके साथ ही विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से भी इस मामले को लेकर व्यक्तिगत रूप से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी जो भी जानकारी प्राप्त हो रही है, उसे परिवार तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी संबंधित विभागों के साथ साझा की जा रही है।
