Loading...

लापता 16 वर्षीय छात्र की मौत पर लंबागांव थाना घेरा, पुलिस ने जांच शुरू की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 52 Mins Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में लापता होने के बाद गंभीर हालत में मिले 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने लंबागांव पुलिस थाने का घेराव कर चक्का जाम किया। छात्र ने पुलिस को दिए बयान में दो अज्ञात लोगों द्वारा उसे ट्राले में ले जाने और कुछ पिलाने की बात कही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

कांगड़ा/लंबागांव

सोल बनेहड़ पंचायत निवासी अभिलाष पुत्र संजय चौधरी जमा एक का छात्र था। वह 27 अगस्त की शाम करीब चार बजे रोज की तरह अपर लंबागांव में ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद लंबागांव पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। छात्र की तलाश को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी सूचना प्रसारित की गई थी।

अगले दिन 28 अगस्त को अपर लंबागांव के पलाहनिया मोड़ के पास एक युवक ने अभिलाष को देखा और इसकी जानकारी उसके पड़ोसी को दी। पड़ोसी से सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। उस समय अभिलाष के पैरों में चप्पल नहीं थी और उसकी हालत खराब थी। वह ठीक से चल और बोल नहीं पा रहा था। परिजन उसे नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया। रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस को दिए बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच

पुलिस को दिए बयान में अभिलाष ने कहा था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे और कुछ पिलाने के बाद वहीं छोड़ गए। छात्र यह नहीं बता पाया था कि वे लोग कौन थे। उसकी मौत किस पदार्थ के खाने या पीने से हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने लंबागांव पुलिस थाने का घेराव कर विरोध जताया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related Topics: