Loading...

Monsoon Alert / हिमाचल में 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का बढ़ा खतरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Hours Ago • 1 Min Read

Monsoon Alert / हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) शिमला ने 31 जुलाई से 6 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

शिमला

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, शिमला, सिरमौर और ऊना जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा

लगातार बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव और सड़कें बाधित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा नहीं करने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटे में कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। धर्मशाला में 15 सेंटीमीटर, चंबा के जोत में 8 सेंटीमीटर, चुवाड़ी में 7 सेंटीमीटर तथा मंडी और किन्नौर के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Related Topics: