Loading...

Monsoon Alert / भूस्खलन के खतरे के चलते कालका-शिमला रेल मार्ग पर चार ट्रेनें 5 अगस्त तक रद्द

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Monsoon Alert / हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कालका-शिमला नैरोगेज रेल मार्ग पर चार ट्रेन सेवाएं 5 अगस्त तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दी हैं। रेलवे ने यह निर्णय यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया है। प्रभावित मार्ग पर लगातार निगरानी और ट्रैक से मलबा हटाने का कार्य जारी है।

शिमला

रेलवे अधिकारियों के अनुसार लगातार मानसूनी बारिश के कारण कालका-शिमला रेल खंड पर कई स्थानों पर चट्टानें और मलबा ट्रैक पर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए चार ट्रेन सेवाओं को 5 अगस्त तक रद्द किया गया है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशंजित सिंह ने बताया कि मौसम सामान्य होने और ट्रैक को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इन सेवाओं को दोबारा शुरू किया जाएगा।

तीन ट्रेनें फिलहाल चलती रहेंगी

कालका से प्रतिदिन पांच और शिमला से पांच ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें से दो-दो ट्रेन सेवाएं दोनों दिशाओं में फिलहाल स्थगित की गई हैं। 52467 कालका-शिमला मेल, 52453 कालका-शिमला एक्सप्रेस और 52455 हिमालयन क्वीन का संचालन जारी रहेगा। जबकि 52451/52452 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस तथा 52459/52460 कालका-शिमला एक्सप्रेस की सेवाएं 5 अगस्त तक बंद रहेंगी। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

रेलवे ट्रैक की लगातार हो रही निगरानी

रेलवे की इंजीनियरिंग टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं और ट्रैक से मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। इस बीच कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-5) वाहनों की आवाजाही के लिए खुला है, जिससे यात्रियों के पास शिमला पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि करीब चार सप्ताह पहले भी इसी रेल मार्ग पर भूस्खलन के कारण एक ट्रेन लगभग चार घंटे तक रुकी रही थी, हालांकि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया था।

Related Topics: