Loading...

Monsoon Alert / प्रदेश में भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त, दो हादसों में दो घायल; सात अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Monsoon Alert / हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। शिमला जिले में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, कांगड़ा में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोग घायल हुए, जबकि रामपुर क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई। मौसम विभाग ने सात अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

शिमला

शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र की कोटीघाट पंचायत के रोपा वार्ड में शुक्रवार रात भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। मलबा और चट्टानें गिरने से स्थानीय निवासी रामानंद का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार को घर छोड़ना पड़ा। वहीं बागवान ज्योतिराम के 35 सेब के पौधे नष्ट हो गए और आसपास के अन्य बागवानों के डंगे तथा सेब के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा। मुख्यमंत्री आवास ओकओवर के समीप भी लगातार बारिश के दौरान तीन पेड़ गिर गए। हालांकि, घटना के समय वहां से गुजर रहे लोग सुरक्षित बच गए। प्रशासन ने पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया।

रामपुर और कांगड़ा में भी बारिश बनी आफत

रामपुर बुशहर के डंसा क्षेत्र में आपदा प्रभावित सुंडा-सनेई सड़क पर शनिवार सुबह फिर भूस्खलन हुआ। अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई, जबकि जगूणी से रामपुर जा रहे एक पिकअप वाहन को भी नुकसान पहुंचा। चालक सहित वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे। उधर, कांगड़ा जिले के चरान पुल दाडनू क्षेत्र और धर्मशाला के कोतवाली बाजार-खनियारा मार्ग पर चरान खड्ड पुल के पास हुए भूस्खलन की दो घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल ललित को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सात अगस्त तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सात अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को कांगड़ा और मंडी, जबकि सोमवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

प्रदेश में सामान्य से छह फीसदी कम बारिश

20 जून से एक अगस्त तक हिमाचल प्रदेश में 345 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 366 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक सामान्य से छह प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि चंबा, किन्नौर, कुल्लू और शिमला में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी और सिरमौर में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। शनिवार को शिमला में 36, धर्मशाला में 27, चंबा में 26, मंडी में 22, कांगड़ा में 16 और नाहन में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Related Topics: