नाहन को बड़ी राहत: गिरी पेयजल योजना की नई पाइपलाइन का कार्य पूरा
गिरी उठाऊ पेयजल योजना के लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र में नई पाइपलाइन एलाइनमेंट बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। विभाग ने नई लाइन की टेस्टिंग शुरू कर दी है और अंतिम परीक्षण सफल रहने पर शुक्रवार से नाहन शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। नई एलाइनमेंट से भविष्य में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की समस्या कम होने और जलापूर्ति अधिक सुचारु रहने की उम्मीद जताई गई है।
नाहन
नाहन शहर की पेयजल व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में जल शक्ति विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य गिरी उठाऊ पेयजल योजना के लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र में पाइपलाइन की नई एलाइनमेंट बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। गुरुवार को विभाग ने पूरे दिन नई पाइपलाइन की टेस्टिंग की, जो देर रात तक जारी रही। विभाग का कहना है कि यदि अंतिम परीक्षण सफल रहता है तो शुक्रवार से शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि लैंडस्लाइड जोन में करीब 500 मीटर पाइपलाइन की एलाइनमेंट बदली गई है। नई लाइन की मजबूती और तकनीकी परीक्षण के लिए 24 घंटे तक टेस्टिंग की जा रही है, जिसके शुरुआती परिणाम संतोषजनक रहे हैं।
गौरतलब है कि इस कार्य के लिए विभाग ने 10 दिनों का जलापूर्ति शटडाउन लिया था। इस दौरान शहर में एक दिन छोड़कर दूसरे दिन पानी की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि विभाग ने निर्धारित समय से पहले ही एलाइनमेंट बदलने का कार्य पूरा कर लिया।
नई एलाइनमेंट तैयार होने के बाद लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र में बार-बार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे भविष्य में नाहन शहर की पेयजल आपूर्ति अधिक सुचारु और निर्बाध रहने की संभावना है।अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि टेस्टिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है और यदि सब कुछ सामान्य रहा तो शुक्रवार से शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
