Loading...

पर्ची ने तय की नाहन नगर परिषद की सत्ता, अध्यक्ष बनीं उपमा धीमान, उपाध्यक्ष बने प्रदीप सहोत्रा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों दलों के बीच मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद फैसला पर्ची प्रणाली के माध्यम से किया गया। अध्यक्ष पद के लिए निकली पर्ची में कांग्रेस समर्थित उपमा धीमान का नाम आया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रदीप सहोत्रा निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जबकि नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने शहर के विकास और जनहित को प्राथमिकता देने की बात कही।

नाहन

नाहन नगर परिषद की सत्ता का फैसला आखिरकार पर्ची के सहारे हुआ। शुक्रवार को टाउन हॉल में आयोजित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उपमा धीमान अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि भाजपा समर्थित प्रदीप सहोत्रा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही शहर का राजनीतिक माहौल गर्म रहा। टाउन हॉल परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के लिए उपमा धीमान तथा उपाध्यक्ष पद के लिए योगेश गुप्ता उर्फ सुक्खू का नाम प्रस्तावित किया गया। वहीं भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सीमा अत्री तथा उपाध्यक्ष पद के लिए प्रदीप सहोत्रा को मैदान में उतारा।

नगर परिषद में कुल 13 वार्ड हैं, जिनमें सात वार्डों में भाजपा और छह वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। नगर परिषद चुनाव में विधायक का वैधानिक मत शामिल होने के कारण दोनों पक्ष सात-सात मतों के बराबर आंकड़े पर पहुंच गए।मतदान के दौरान किसी भी पक्ष से क्रॉस वोटिंग नहीं हुई और दोनों पदों पर मुकाबला बराबरी पर छूट गया। इसके बाद चुनाव अधिकारी उपेंद्र चौहान ने नियमानुसार पर्ची प्रणाली से फैसला कराने का निर्णय लिया।दोनों दलों के पार्षदों की मौजूदगी में बाहर से बुलाए गए दो बच्चों द्वारा बंद बॉक्स से पर्चियां निकाली गईं। अध्यक्ष पद के लिए निकली पहली पर्ची में उपमा धीमान का नाम आया और कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए निकली पर्ची में प्रदीप सहोत्रा का नाम सामने आया।

परिणाम घोषित होते ही टाउन हॉल के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल से कांग्रेस भवन तक विजय जुलूस निकाला। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल से झांसी पार्क तक रोष रैली निकालकर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई।विधायक अजय सोलंकी ने नाहन की जनता, नगर परिषद के सभी पार्षदों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी पक्षों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह किसी दल की नहीं बल्कि पूरे नाहन शहर की जीत है। नगर परिषद में चुनी गई नई टीम के साथ मिलकर शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दों पर सभी पार्षदों को साथ लेकर नाहन को एक बेहतर और आदर्श शहर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपमा धीमान ने अपने निर्वाचन पर नगर परिषद के सभी पार्षदों, विधायक अजय सोलंकी तथा नाहन की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड का समान विकास उनकी प्राथमिकता होगी। शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छ एवं व्यवस्थित नाहन के निर्माण तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का हर निर्णय जनहित को केंद्र में रखकर लिया जाएगा और सभी पार्षदों के सहयोग से विकास को नई गति दी जाएगी।