Loading...

नाहन में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का धरना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

जिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

नाहन

नाहन। कथित वोट चोरी, मतदाता सूचियों में अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को नाहन में केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली और धरना देकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार और नाहन के विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों को उठाया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रदर्शन के उपरांत आनंद परमार और विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय संवैधानिक जांच की मांग उठाई।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं में से एक है और उसकी जिम्मेदारी स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करवाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर उठाए जा रहे सवालों का समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने आंदोलन को आगे ब्लॉक और पंचायत स्तर तक ले जाने की चेतावनी भी दी।

Related Topics: • •