वार्ड नंबर-4 में पूजा तोमर का एक्शन, ढलान हटाकर दोबारा बनवाई सीढ़ियां
बरसाती पानी घरों में घुसने की समस्या से मिलेगी राहत, स्थानीय लोगों ने पार्षद के प्रयासों की सराहना की
नाहन
नाहन, 29 अक्तूबर। नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर-4 में स्थानीय लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए वार्ड पार्षद पूजा तोमर ने पहल करते हुए ढलान वाले रास्ते को दोबारा सीढ़ियों में तब्दील करवाया है। इस स्थान पर पहले सीढ़ियां बनी हुई थीं, लेकिन बाद में इन्हें हटाकर ढलान बना दिया गया था। इसके चलते बारिश के दौरान पानी तेज बहाव के साथ आसपास के घरों में घुस जाता था और लोगों को हर बरसात में परेशानी झेलनी पड़ती थी।
स्थानीय निवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूजा तोमर ने संबंधित स्थान पर दोबारा सीढ़ियों का निर्माण करवाया, ताकि पानी के बहाव से पैदा हो रही दिक्कत से लोगों को राहत मिल सके। इस कार्य से जहां आवागमन की पुरानी व्यवस्था बहाल हुई है, वहीं बरसाती पानी के घरों में घुसने की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।
वार्ड की इस समस्या के समाधान के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताते हुए पार्षद पूजा तोमर का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि वार्ड में छोटी-छोटी दिखने वाली समस्याएं भी रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करती हैं। ऐसे में इन समस्याओं को समय रहते समझना और उनका समाधान करवाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
पार्षद पूजा तोमर ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। विकास का मतलब केवल बड़े निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि आम जनता को रोजमर्रा की परेशानियों से निजात दिलाना भी है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वह आगे भी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करती रहेंगी।