12 दिसंबर को सोलन जिले के पांच न्यायालय परिसरों में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
सोलन जिले के पांच न्यायालय परिसरों में 12 दिसंबर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें समझौते के आधार पर आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, चेक बाउंस, वाहन चालान, धन वसूली, सड़क दुर्घटना क्लेम, श्रम विवाद, बिजली-पानी के बिल, वैवाहिक विवाद तथा अन्य मामलों का निपटारा किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि से पहले संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं।
सोलन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन के साथ कण्डाघाट, अर्की, कसौली और नालागढ़ न्यायालय परिसरों में आयोजित होगी। इसमें भूमि अधिग्रहण, वेतन एवं भत्तों तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित मामलों पर भी सुनवाई कर समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा। न्यायालय में अब तक दायर नहीं किए गए मामलों को भी लोक अदालत में समाधान के लिए प्रस्तुत किया जा सकता है।
समय और न्यायालय शुल्क की होगी बचत
प्राधिकरण के अनुसार लोक अदालत में मामलों का निपटारा होने से पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है। यहां न्यायालय शुल्क नहीं लगता, जबकि पुराने मामलों में जमा न्यायालय शुल्क वापस हो जाता है। इस प्रक्रिया में किसी पक्ष को सजा नहीं होती। वाहन चालान से संबंधित मामलों में वर्चुअल कोर्ट की वेबसाइट के माध्यम से भुगतान करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
12 दिसंबर से पहले दे सकते हैं आवेदन
अपने मामले का निपटारा करवाने के इच्छुक व्यक्ति 12 दिसंबर, 2026 से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय सोलन अथवा जिले के किसी भी न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। यदि मामला पहले से किसी अदालत में विचाराधीन है तो आवेदन उसी अदालत में दिया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01792-220713 या टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।