NDPS: चिड़गांव में भांग के 1,240 पौधे बरामद, 70 वर्षीय व्यक्ति पर मामला दर्ज
NDPS: शिमला पुलिस ने चिड़गांव में सेब के पेड़ों के बीच करीब दो बिस्वा भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए भांग के 1,240 पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में 70 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई 25 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
शिमला/चिड़गांव
पुलिस के अनुसार, चिड़गांव थाना की टीम सूचना मिलने के बाद संबंधित स्थान पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों को भी मौके पर शामिल किया गया। तलाशी में खसरा नंबर 1200 के तहत आने वाली जमीन पर सेब के पेड़ों के बीच बड़ी संख्या में भांग के पौधे मिले। पुलिस ने योगिंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय सम्पूर्ण सिंह, निवासी चिड़गांव के खिलाफ अभियोग संख्या 82/2026 दर्ज किया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने नियमानुसार भांग के 20 पौधों के नमूने लिए हैं। खेती वाली जमीन से मिट्टी के नमूने भी लेकर जांच के लिए कब्जे में लिए गए। शेष 1,220 पौधों को पुलिस टीम ने मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित जमीन पर भांग की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे क्या मंशा थी।
जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि अवैध खेती का नशे के कारोबार या अन्य लोगों से कोई संबंध था या नहीं। एसएसपी गौरव सिंह के मुताबिक, शिमला पुलिस नशे और मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। चिड़गांव में की गई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है और मामले में आगामी जांच जारी है।